प्रधानमंत्री ने गुजरात को दिया विकास परियोजनाओं का तोहफा


पीएम नरेंद्र मोदी दो दिन के गुजरात दौरे पर गुजरात के अलग अलग हिस्सों का दौरा किया। उन्होंने जहाँ अपनी सरकार के विभिन्न विकास कार्यों का ज़िक्र किया वहीँ गुजरात के चहुमुखी विकास के लिए कई सौगातें भी दीं।

2 दिन के गुजरात दौरे के दूसरे दिन पीएम ने अपने गृहराज्य के लिए जैसे सौगातों की झड़ी लगा दी , किसानों से जुडी़ परियोजना हो या फिर हीरा कारोबार से जुडी या फिर सिंचाई से जुडी महत्वाकांक्षी सौनी योजना का दूसरा चरण , दिन भर में पीएम ने राज्य के लोगों को उनके जीवन को प्रभावित करने वाली कई योजनाएं शुरु कीं जिसका हर किसी को फायदा होगा।

सबसे पहले पीएम ने सूरत के इच्छापुर में एक निजी डायमंड निर्माण ईकाई का उद्घाटन किया। इस अवसर पर अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि देश को रत्न आभूषण के निर्माण क्षेत्र में विश्व में नंबर एक बनाना है।

इसके बाद पीएम मोदी ने सूरत के बाजीपुरा में सुमुल डेयरी के कैटल फीड संयंत्र का उद्घाटन किया। प्रधानमंत्री ने संयंत्र का मुआयना भी किया। इस मौके पर गुजरात के कई संगठनों ने प्रधानमंत्री को सम्मानित किया। बाद में पीएम ने सुमुल डेयरी के एक आइसक्रीम प्लांट का भी उद्घाटन किया और नवा पार्दी में डेयरी उत्पाद संयंत्र की आधारशिला रखी।

शाम को पीएम सौराष्ट्र के दौरे पर पहुंचे। पीएम ने सौराष्ट्र के बटोड में सौनी परियोजना के पहले चरण का शुभारंभ किया और साथ ही इसके दूसरे चरण की नींव रखी। पीएम ने पूरी परियोजना का निरीक्षण किया। सौनी परियोजना के तहत सौराष्ट्र में चार चरणों में नर्मदा का पानी लाया जाना है।  जिससे सौराष्ट्र के कुल 115 बड़े और छोटे डैम और तालाब को भरे जाने की योजना है। इससे लगभग 1 लाख करोड़ एकड़ ज़मीन की सिचाईं हो सकेगी। पीएम ने इसे इलाके के लिए बेहद अहम बताया।

इसके अलावा प्रधानमंत्री ने सूरत में एक अस्पताल का उद्घाटन किया। सूरत के कतारगाम में बना ये किरण मल्टी स्पेशिऐलिटी हॉस्पिटल करीब 400 करोड़ की लागत से बना है और इसमें लोगों के इलाज के लिए आधुनिकतम सुविधाएं हैं । उद्घाटन के बाद पीएम मोदी ने अस्पताल के अलग-अलग खंडों का दौरा किया और सुविधाओं की जानकारी ली। पीएम ने वहां मौजूद लोगों को संबोधित भी किया और बताया कि कैसे उनकी सरकार लोगों के सस्ते इलाज के लिए तमाम कदम उठा रही है।

पीएम ने कहा कि उनकी सरकार ने हाल ही में स्वास्थ्य नीति घोषित की है जो अटल बिहारी वाजपेयी की सरकार के बाद 15 साल बाद आयी है । पीएम ने कहा कि सरकार ऐसा कानून बनाने की तैयारी कर रही है जिससे डॉक्टरों की महंगी के बजाए जेनरिक दवाएं लिखने पर मजबूर होना पड़ेगा ।

प्रधानमंत्री ने इंद्रधनुष टीकाकरण योजना का जिक्र करते हुए कहा कि इसके तहत जिन महिलाओं का टीकाकरण नहीं हुआ उनका टीकाकरण किया जा रहा है। पीएम ने इस मौके पर स्वच्छता अभियान का जिक्र किया और इसके लिए सूरत की जमकर तारीफ की । पीएम ने कहा कि अगर स्वच्छता भारत का स्वभाव बने तो अरबों-खरबों रुपये बीमारी के नाम पर खर्च नहीं होंगे।

पीएम ने धर्मशालाओं, गौशालाओं, जैसी चीजों का हवाला देकर कहा कि ये चीजें सरकार ने नहीं बनाई बल्कि लोगों ने खुद सामूहिक रूप से किया। उन्होंने कहा कि सूरत के लोगों में सामूहिकता की भावना है और आने वाली पीढ़ियों में भी यह भावना आनी चाहिए। प्रधानमंत्री ने कहा कि वो वो अस्पताल को शुभकामना नहीं बल्कि श्राप देंगे कि यहां किसी को भी आने की जरूरत ना पड़े और अगर कोई मरीज यहां आ भी जाएं तो एक बार में ही इतना अच्छा इलाज हो जाए ताकि उसे दुबारा यहां नहीं आना पड़े.।

कुल मिलाकर पीएम ने जिन परियोजनाओं की शुरुआत की वो सबी पीएम के 'न्यू इंडिया' मिशन का हिस्सा है। पीएम कह चुके हैं कि वो नया भारत बनाना चाहते हैं और इन सब छोटी बड़ी कोशिशों के जरिए ही नए और बदले हुए भारत की कल्पना को साकार किया जा सकता है।

Comments